केरल की एक महिला संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में अपने घर में मृत पाई गई है। यह घटना उसके 30वें जन्मदिन पर हुई। गल्फ न्यूज ने बताया कि जिस दिन महिला की मौत हुई, उसी दिन नई नौकरी में उसका पहला दिन भी था। मृतका का नाम अतुल्या शेखर बताया जा रहा है। उसकी बहन और बहनोई ने बताया कि शारजाह के रोला इलाके में अपने फ्लैट में मृत पाई गईं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक महिला की मां ने इस मामले में पति सतीश के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। मां ने आरोप लगाया है कि पति सतीश ने 18 और 19 जुलाई के बीच उसका गला घोंट दिया था, उसके पेट पर लात मारी थी और फिर उसके सिर पर प्लेट से वार किया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
यह घटना ऐसे वक्त हुई है जब एक हफ्ते पहले ही केरल की एक और महिला और उसकी 16 महीने की बच्ची भी शारजाह में मृत पाई गई थी। पुलिस ने बताया था कि 8 जुलाई को महिला ने पहले अपनी बच्ची का गला घोंट दिया था और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
यह भी पढ़ें-- अमेरिका: 33 करोड़ की ठगी, 100 से ज्यादा शिकार, कौन हैं मुखर्जी दंपति?
अतुल्या की मौत पर क्या सामने आया?
अतुल्या के परिवार ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए उसे बार-बार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनके परिवार ने कहा, 2014 में उनकी शादी हुई थी। उस समय एक बाइक और 43 सोने के सिक्के दिए थे। इसके बावजूद दहेज न लाने के लिए बार-बार उसे परेशान किया जा रहा था।
सतीश के खिलाफ अतुल्या के परिवार ने केरल में केस दर्ज कराया है। पति सतीश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और दहेज निषेध कानून की कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। परिवार ने आरोप लगाया है कि लगातार दहेज की मांग के कारण उसे सालों तक मानसिक और शारीरिक शोषण सहना पड़ा।
यह भी पढ़ें-- नौकरी का लालच, काम साइबर क्राइम का; विदेश से बचाए गए 2,471 भारतीय
अतुल्या के पिता बोले- शराबी है सतीश
अतुल्या के पिता ने भी मौत पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मेरी बेटी आत्महत्या करेगी। उसका अपनी बेटी के साथ बहुत गहरा रिश्ता है। उसकी मौत रहस्यमय है। हमें पता लगाना होगा कि उसके साथ हुआ क्या था।'
उन्होंने अपने अतुल्या के पति सतीशा पर आरोप लगाते हुए कहा, 'वह शराबी है। वह हमेशा हिंसक होता जाता है। उसके लिए उसने सारी यातनाएं सहन कीं। पहले भी ऐसी घटनाएं हुई थीं। पुलिस में केस भी दर्ज कराया गया था। हम जानना चाहते हैं कि उसके साथ आखिर क्या हुआ था।'
उसके परिवार ने कुछ वीडियो भी दिखाए हैं, जिनमें अतुल्या के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं और उसका पति उसे मारने के लिए प्लास्टिक का स्टूल उठाता दिख रहा है। उसके बहनोई ने गल्फ न्यूज से कहा, 'सारी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए शारजाह पुलिस से भी मिलेंगे। हम दुबई स्थित भारतीय दूतावास से भी संपर्क करेंगे।'
पति का क्या है कहना?
UAE में मीडिया से बात करते हुए सतीश ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उनकी पत्नी अतुल्या आत्महत्या करेगी। उन्होंने कहा कि वह खुद भी जानना चाहते हैं कि उनकी पत्नी की मौत क्यों और कैसे हुई?