• WHITE HOUSE 23 Aug 2025, (अपडेटेड 23 Aug 2025, 1:42 PM IST)
सर्जियो गोर भारत के नए अमेरिकी राजदूत नियुक्त किए गए हैं। वह एरिक गार्सेटी की जगह नियुक्त हुए हैं। सर्जियो गोर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बेहद करीबी दोस्त हैं।
डोनाल्ड ट्रम्प और सर्जियो गोर। (Photo Credit: X/@SergioGor)
अमेरिका और भारत के बनते-बिगड़ते संबधों के बीच डोनाल्ड ट्रम्प ने सर्जियो गोर को भारत राजदूत नियुक्त किया है। वह दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के भी राजदूत रहेंगे। वह अमेरिका के पूर्व राजदूत एरिक गार्सेटी की जगह नियुक्त हुए हैं। एरिक गार्सेटी 11 मई 2023 से 20 जनवरी 2025 तक, अपने पद पर बने रहे। उनके जाने के बाद अमेरिकी दूतावास का कार्यभार जॉर्गन के इंड्रयूज कर रहे थे। 20 जनवरी 2025 से वह इसे संभाल रहे थे, अब सर्जियो गोर के हाथों में यह जिम्मेदारी आई है। सर्जियो गोर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बेहद करीबी हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस के पर्सनल डायरेक्टर सर्जियो गोर को भारत में अमेरिका का राजदूत नियुक्त किया। उन्हें दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के विशेष दूत के तौर पर भी नियुक्त किया है। डोनाल्ड ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर सर्जियो गोर की जमकर तारीफ की है।
डोनाल्ड ट्रम्प, राष्ट्रपति, अमेरिका:- मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं सर्जियो गोर को भारत में अमेरिका का अगला राजदूत और दक्षिण मध्य एशियाई मामलों के विशेष दूत के रूप में नियुक्त कर रहा हूं। सर्जियो और उनकी टीम ने कम वक्त में हमारे संघीय सरकार के हर विभाग में लगभग 4,000 अमेरिका फर्स्ट समर्थकों को नियुक्त किया है। हमारे विभाग और एजेंसियां 95% से अधिक भरी हुई हैं।'
क्यों सर्जियो पर ही ट्रम्प ने जताया भरोसा?
सर्जियो गोर, ट्रम्प के करीबी अधिकारियों में शामिल हैं। उन्होंने खुद कहा है कि वह उन लोगों को चुन रहे हैं, जो उनके अमेरिका फर्स्ट की नीतियों पर काम करें।
डोनाल्ड ट्रम्प ने लिखा, 'सर्जियो हमारे अच्छे दोस्त हैं। दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले इलाके के लिए, मेरे लिए यह अहम है कि मेरे पास ऐसा व्यक्ति हो जिस पर मैं पूरी तरह भरोसा कर सकूं ताकि मेरा एजेंडा लागू हो और हम अमेरिका को फिर से महान बनाएं। सर्जियो एक शानदार राजदूत होंगे। बधाई हो सर्जियो!'
डोनाल्ड ट्रम्प के लिए चुनाव प्रचार कर चुके हैं सर्जियो गोर। (Photo Credit: X/@SergioGor)
सर्जियो गोर ने क्या कहा?
सर्जियो गोर ने खुशी जताई और लिखा, 'राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के इस अविश्वसनीय भरोसे और विश्वास के लिए मैं बेहद आभारी हूं। अमेरिकी लोगों की सेवा करना मेरे लिए गर्व का विषय है। यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान होगा कि मैं संयुक्त राज्य का प्रतिनिधित्व करूं।'
कौन हैं सर्जियो गोर?
सर्जियो गोर अमेरिकी डिप्लोमेट हैं। वह व्हाइट हाउस में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। वह डोनाल्ड ट्रम्प की 'अमेरिका फर्स्ट' नीति को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। सर्जियो गोर सर्जियो गोर, डोनाल्ड ट्रम्प के परिवार से जुड़े रहे हैं। उन्होंने जूनियर ट्रम्प के साथ मिलकर विनिंग टीम पब्लिश की स्थापना की थी। यह ड्रम्प की दो किताबों को प्रकाशित करने वाली संस्था है।
सर्जियो गोर व्यवसाय से भी जुड़े हैं। उन्होंने अपना ग्रेजुएशन, जॉर्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी से किया है। वह कॉलेज रिपल्बिकन्स से जुड़े रहे। सर्जियो गोर ने साल 2008 में जॉन मैक्केन के अभियान में हिस्सा लिया था। 2020 में, वह ट्रम्प विक्ट्री फाइनेंस कमेटी के चीफ ऑफ स्टाफ बने और डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर के साथ विनिंग टीम पब्लिशिंग की स्थापना की। 2024 में, ट्रम्प ने उन्हें व्हाइट हाउस प्रेसिडेंशियल पर्सनल ऑफिस का निदेशक नियुक्त किया था।
अमेरिकी संसद जब उनके नामांकन की पुष्टि कर देगा, तब उन्हें यह पद सौंपा जाएगा। जब तक यह पूरा नहीं होता है, उनकी भूमिका, व्हाइट हाउस में जिस पर वह हैं, उसी पर बने रहेंगे।
क्या कम कर पाएंगे भारत-अमेरिका तनाव?
सर्जियो गोर, ऐसे वक्त में नियुक्त हुए हैं, जब भारत और अमेरिका के रिश्ते तल्खी से गुजर रहे हैं। डोनाल्ड ट्रम्प, पीएम मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताते हैं लेकिन रूस के साथ तेल व्यापार को लेकर अब तक 50 फीसदी टैरिफ लगा चुके हैं। 27 अगस्त से यह लागू हो जाएगा। रूस से तेल खरीदने के लिए ट्रम्प 25 प्रतिशत अतिरिक्त कर भी लगाना चाहते हैं। सर्जियो गोर के सामने चुनौती है कि वह दोनों देशों के बीच फिर से सामान्य रिश्ते बहाल कर पाएं।