इंडिगो की मुंबई-कोलकाता फ्लाइट 6E-2387 में में थप्पड़ कांड के बाद लापता हुआ शख्स मिल गया है। असम के बरपेटा रेलवे स्टेशन पर शख्स देखा गया है। शख्स का नाम हुसैन अहमद मजूमदार है। अहमद मजूमदार को इंडिगो की फ्लाइट में पैनिक अटैक आया था, वह उतरने की जिद करने लगे थे। उन्हें एक सह-यात्री ने तमाचा जड़ दिया था। थप्पड़ कांड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
अहमद मजूमदार मुंबई के एक होटल में काम करते हैं। उनका परिवार असम के सिलचर में रहता है। परिवार ने दावा किया था कि 31 जुलाई को वह सिलचर पहुंचने वाले थे लेकिन आए ही नहीं। जब कॉल किया गया तो नंबर बंद आया। जब अगले दिन सिलचर एयरपोर्ट पर परिवार के लोग ढूंढने आए तो वह नहीं मिले। परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत पुलिस स्टेशन में भी दर्ज कराई।|
परिवार ने मारपीट का वीडियो भी देखा था। CISF से भी गुहार लगाई थी, एयर लाइन ने कहा था कि आरोपी को नो फ्लाई जोन में डाल दिया गया है, उसे अब वहां से नहीं हटने दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: मथुरा श्रीधरन: अमेरिका में अटॉर्नी जनरल, धर्म और बिंदी पर ट्रोल हुईं
कहां नजर आए हुसैन अहमद मजूमदार?
हुसैन अहमद मजूमदार को असम के बरपेटा रेलवे स्टेशन पर देखा गया है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक अहमद मजूमदार ने कोलकाता से सिलचर की अपनी दूसरी तय फ्लाइट छोड़ दी थी। वह कोलकाता से ट्रेन के जरिए बरपेटा की यात्रा पर निकले।
कटिगोराह पुलिस ने कहा, 'वह शख्स कोलकाता में फ्लाइट उतरने के बाद बरपेटा पहुंचा। उसने ट्रेन से बरपेटा की यात्रा की और अब सिलचर जा रहा है।' बरपेटा, कटिगोराह से लगभग 400 किलोमीटर दूर है। यह सिलचर के पास है। हुसैन अहमद मजूमदार अपने पिता से मिलने जा रहे थे। वह मुंबई से कोलकाता और फिर कोलकाता से सिलचर के लिए फ्लाइट पकड़ने वाले थे। उन्होंने दूसरी फ्लाइट छोड़ दी।
हंगामा क्यों बरपा?
हुसैन के परिवार वाले शुक्रवार को सिलचर हवाई अड्डे पर उन्हें लेने पहुंचे। वह नहीं मिले। सोशल मीडिया पर उनके मारे जाने और बेचैन होने का वीडियो वायरल होने लगा था। परिवार और घबरा गया था। उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था, फोन स्विच ऑफ जा रहा था। शनिवार रात तक उनकी लोकेशन बरपेटा में पता चली। यह अभी तक पता नहीं चल पाया कि उन्होंने फोन कॉल्स का जवाब क्यों नहीं दिया।
यह भी पढ़ें: 'पश्चिम बंगाल में 1 करोड़ घुसपैठिए', बिहार जैसा SIR चाहती है BJP
परिवार ने क्या कहा?
अहमद मजूमदार के चाचा जोगलू मजूमदार ने कहा, 'वह मुंबई में एक दुकान में काम करता है, लेकिन उसके पिता को कैंसर है और उनकी हालत बिगड़ रही है। इसलिए वह अपने पिता से मिलने आ रहा था। उसने शुक्रवार सुबह मुंबई से उड़ान भरने से पहले अपनी पत्नी और माता-पिता से बात की थी।'
अहमद का परिवार उन्हें लेने सिलचर एयरपोर्ट गया था, वायरल वीडियो वहीं उन्होंने देखा। थप्पड़ मारने वाले शख्स हफीजुल रहमान को कोलकाता पुलिस ने पकड़ लिया था, बाद में छोड़ दिया गया। परिवार ने कटिगोराह पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
यह भी पढ़ें: 10 में से 1 टीचर 'नाकाबिल'; कहानी भारत के एजुकेशन सिस्टम की
मामला क्या था?
हुसैन अहमद मजूमदार फ्लाइट में सवार थे। उन्हें पैनिक अटैक आया। आसपास के लोग, एयरहोस्टेस उन्हें समझा रहे थे, तभी एक हफीजुल रहमान नाम का शख्स आगे आता है और तमाचा जड़ देता है। हुसैन घबराकर रोने लगता है। हफीजुल और रहमान दोनों को क्रू मेंबर साथ लेकर जाते हैं। कोलकाता उतरने के बाद हफीजुल को पुलिस हिरासत में लेती है और पूछताछ के बाद छोड़ देती है।