logo

ट्रेंडिंग:

पंजाब से हिमाचल तक बाढ़ से बेहाल, भीषण तबाही, कहां क्या है हाल?

पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में बारिश तबाही लेकर आई है। जम्मू और कश्मीर में भी मॉनसून की वजह से लोग बेहाल हैं। हरियाणा और दिल्ली में भी बारिश लोगों की मुसीबतें बढ़ा रही है।

Floods

नोएडा में भीषण बारिश के बाद हालात। (Photo Credit: PTI)

भारत में बारिश ने कई राज्यों में भारी तबाही मचाई है। दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हरियाणा जैसे क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी गुरुवार को भी जारी रह सकती है। दिल्ली के लिए अब अलर्ट हटा दिए गए हैं।  

गाजियाबाद और नोएडा में ऑरेंज अलर्ट जारी है। गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए कोई अलर्ट नहीं है। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पंजाब में दशकों बाद ऐसी भीषण बाढ़ आई है, जिसमें हजारों लोग विस्थापित हो गए हैं। 

यह भी पढ़ें: ग्राउंड रिपोर्ट: पंजाब-हरियाणा और हिमाचल में कितनी तबाही, हालात कैसे?

दिल्ली-NCR में क्या हाल है?

दिल्ली और आसपास के इलाके में भीषण बारिश हो रही है। यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। साल 1963 के बाद यह तीसरी बार है, जब यमुना में जल स्तर 207.41 मीटर दर्ज किया गया है। नोएडा में भी पानी ने दस्तक दी है। लोगों को राहत शिविरों में रहना पड़ा है। नोएडा के सेक्टर 135 और 137 में सड़कों पर टेंट लगे हैं। कई लोगों को दूसरे शेल्टर होम में शिफ्ट किया गया है। दिल्ली के निगमबोध घाट और गीता कॉलोनी जैसे श्मशान घाट भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।  

जम्मू में चेनाब नदी भी उफान पर है। (Photo Credit: PTI)



बहादुरगढ़ में मुंगेशपुर नाला उफान पर है। दिल्ली के कई इलाके इसकी वजह से बाढग्रस्त हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हरियाणा के सीएम नायब सैनी से बात की है। आसपास के कई इलाकों में दरार गई है, जिसके बाद 2000 से ज्यादा लोगों को बाबा हरिदास मंदिर और एक एमसीडी स्कूल में अस्थायी तौर पर भेजा गया है। NDRF ने यमुना खादर और मयूर विहार फेज-1 में राहत शिविर बनाए हैं। 

यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर वायरल हो रही IAS साक्षी साहनी को लोग गले क्यों लगा रहे?

पंजाब और हरियाणा का क्या हाल है?

  • पंजाब:  बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर है। राज्य के सभी 23 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। पंजाब के मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इसे 1988 के बाद की सबसे विनाशकारी बाढ़ बताया। भाखड़ा नंगल बांध में जलस्तर 1,678.10 फीट से ज्यादा हो गया है।  सतलुज, ब्यास और रावी नदियों ने भारी तबाही मचाई है। कम से कम 30 लोगों की मौत बारिश से संबंधित घटनाओं में हो चुकी है। राज्य सरकार ने सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों को 7 सितंबर तक बंद करने का आदेश दिया है।

  • हरियाणा: अंबाला में टांगरी नदी का जलस्तर 32,000 क्यूसेक तक पहुंच गया, जो खतरे के निशा 20,000 क्यूसेक से कहीं ज्यादा है। अंबाला के डिप्टी कमिश्नर अजय सिंह तोमर ने बताया कि निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने सभी धर्मशालाओं को बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए खोल दिया है। सेना की मदद ली जा रही है। NDRF और SDRF के जवान जमीन पर हैं। 
अनंतनाग में बाढ़ के बाद हालात। (Photo Credit: PTI)

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर का क्या हाल है?

  • हिमाचल प्रदेश: बाढ़ की वजह से करीब 1337 सड़कें बाधित हुई हैं। मंडी में 282 सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, शिमला में 255, चंबा में 239,  कुल्लू में 205 और सिरमौर में 140। ये जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।  मणिमहेश यात्रा पर गए चंबा में फंसे लगभग 5,000 तीर्थयात्रियों को निकालने के लिए छह MI-17 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। राज्य में सभी स्कूल और कॉलेज 7 सितंबर तक बंद रहेंगे।

  • जम्मू और कश्मीर: बारिश की वजह से भूस्खलन और बाढ़ से आम जनजीवन ठप पड़ा है। माता वैष्णो देवी मार्ग पर फिर से भूस्खलन हुआ है। तीर्थयात्रा नौवें दिन भी निलंबित रही है। 10वें दिन भी निलंबित रहेगी। कटरा बेस कैंप में 200 मिमी से अधिक बारिश हुई है। डोडा-पुल सड़क भी भूस्खलन की वजह से अवरुद्ध है। जम्मू डिवीजन में सभी स्कूल 5 सितंबर तक बंद हैं और ऑनलाइन कक्षाएं चलाने के निर्देश दिए गए हैं। गारखल क्षेत्र में फंसे 45 लोगों को हेलीकॉप्टर से निकाला गया है। जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने 10वीं और 11वीं कक्षा की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।

उत्तराखंड का क्या हाल है?

उत्तराखंड में भी भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से लोग परेशान हैं। IMD के मुताबिक 9 सितंबर तक राज्य में भारी बारिश की आशंका है। कई जगह भूस्खलन हुए हैं। चमोली से लेकर हरिद्वार तक, बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं। NDRF अलर्ट पर है।

यह भी पढ़ें: J&K में भारी बारिश की आशंका, स्कूल-कॉलेज बंद, परीक्षाएं स्थगित

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में गुरुवार से भारी बारिश में कमी आएगी लेकिन हल्की बारिश जारी रहेगी।

दिल्ली में उफान पर यमुना नदी। (Photo Credit: PTI)



सीमा पर क्या हाल है?

भारत ने पाकिस्तान को सतलुज नदी में बाढ़ आने की आशंका के बारे में सूचित किया है। सरकार ने मानवीय आधार पर सीमा पार बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करने के मकसद से यह सूचना दी है। 

दूसरे राज्यों में क्या हाल है?

पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश जारी रह सकती है। पुरबा और पश्चिम मेदिनीपुर जैसे इलाकों में भारी बारिश होगी। दक्षिण 24 परगना और झारग्राम में गुरुरवार सुबह तक भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है। 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap