logo

ट्रेंडिंग:

J-K से लेकर पंजाब-गुजरात तक, कहां और कैसा है भारत-PAK का बॉर्डर?

भारत और पाकिस्तान के बीच हालात बिगड़ते जा रहे हैं। दोनों जंग की तरफ बढ़ रहे हैं। इससे बॉर्डर से सटे इलाकों में डर का माहौल है। ऐसे में जानते हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच कितनी लंबी बॉर्डर है और कहां-कहां लगती है?

india pakistan

प्रतीकात्मक तस्वीर। (Photo Credit: PTI)

अब तक 4 जंग लड़ चुके भारत और पाकिस्तान एक और जंग की तरफ बढ़ रहे हैं। 'ऑपरेशन सिंदूर' से बौखलाकर पाकिस्तान की सेना ने रातभर LoC पर न सिर्फ फायरिंग की, बल्कि कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइलों से भी हमला किया। पाकिस्तान सेना की इस हरकत को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया।


भारतीय सेना ने बयान जारी कर बताया कि 8-9 मई की रात को पाकिस्तान ने ड्रोन और कई हथियारों से हमला किया और LoC पर सीजफायर तोड़ा। भारत ने हर ड्रोन अटैक को नाकाम कर दिया और सीजफायर उल्लंघन का मुंहतोड़ जवाब दिया।


पाकिस्तान की इन हरकतों का सबसे खामियाजा नियंत्रण रेखा (LoC) और अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर (IB) से सटे इलाकों में रहने वालों को भुगतना पड़ रहा है। LoC से सटे जम्मू के गांवों से लोग अब बंकर में जाने लगे हैं। सीमाई इलाकों में रहने वाले लोग डरे हुए हैं। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। सरकारी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। 

 

यह भी पढ़ें-- जंग हुई तो कहां जाएंगे लोग? समझें- भारत में कितना मजबूत है बंकर सिस्टम

किन राज्यों से लगती है PAK की सीमा?

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत की 15,106 किलोमीटर लंबी सीमा 7 देशों से लगती है। इसमें बांग्लादेश (4,096.7 किमी), चीन (3,488 किमी), पाकिस्तान (3,323 किमी), नेपाल (1,751 किमी), म्यांमार (1,643), भूटान (699 किमी) और अफगानिस्तान (106 किमी) शामिल है। पाकिस्तान के साथ भारत के कई राज्यों की सीमा लगती है। 

  • जम्मू-कश्मीरः यहां नियंत्रण रेखा (LoC) लगती है। इसकी लंबाई 740 से 776 किलोमीटर है। 1971 की जंग के बाद 1972 में हुए शिमला समझौते में LoC तय हुई थी। पाकिस्तान की सीमा से जम्मू के 5 जिले- जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुछ और लद्दाख का कारगिल जिला लगता है।
  • राजस्थानः यहां अंतर्राष्ट्रीय सीमा (IB) लागू हो जाती है। राजस्थान के साथ पाकिस्तान की 1,070 किमी लंबी सीमा लगती है। राजस्थान के 5 जिले- श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और अनूपगढ़ पाकिस्तान की सीमा से सटे हैं।
  • पंजाबः यहां भी अतंर्राष्ट्रीय सीमा (IB) लगती है। पाकिस्तान के साथ पंजाब की 535 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है। पंजाब के 6 जिले पाकिस्तान की सीमा के पास हैं। इनमें फिरोजपुर, पठानकोट, फजिल्का, अमृतसर, गुरदासपुर और तरन तारन शामिल है
  • गुजरातः यहां पर भी भारत और पाकिस्तान के बीच अंतर्राष्ट्रीय सीमा है। इसकी लंबाई 506 किलोमीटर है। गुजरात की पाकिस्तान के साथ समुद्री सीमा भी लगती है। गुजरात के 3 जिले- कच्छ, पाटन और बनासकांठा पाकिस्तान से सटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें-- 100KM अंदर तक वार, 9 टेरर कैंप तबाह; ऑपरेशन सिंदूर के 25 मिनट की कहानी

LOC और IB क्या है?

भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा को लेकर जबरदस्त विवाद है। यह विवाद जम्मू-कश्मीर में है। इसकी वजह यह है कि जब बंटवारा हुआ तब जम्मू-कश्मीर ने आजाद रहने का फैसला लिया। इस कारण सीमाएं तय नहीं हो पाईं। हालांकि, बाद में जब पाकिस्तान की सेना के साथ मिलकर हजारों कबाइलियों ने कश्मीर पर हमला किया तो जम्मू-कश्मीर भारत के साथ आ गया। 


1947-48 की जंग के बाद जब सीजफायर हुआ तब जाकर भारत-पाकिस्तान के बीच एक अस्थायी बॉर्डर बनी जिसे सीजफायर लाइन कहा जाता है। 1971 की जंग के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच शिमला समझौता हुआ, जिसमें तय हुआ कि सीजफायर लाइन को नियंत्रण रेखा (LoC) कहा जाएगा। 


वहीं, अतंर्राष्ट्रीय सीमा (IB) वह है, जिसे दोनों देश मानते हैं। भारत और पाकिस्तान का बंटवारा करते समय ब्रिटिश अफसर सिरिल रेडक्लिफ ने यह लाइन तय की थी। इसे रेडक्लिफ लाइन भी कहा जाता है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap