प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मंथली रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 123वें एपिसोड में देशवासियों से बात की। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आपातकाल के 50 साल, और कई अन्य उपलब्धियों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21 जून को दुनिया भर में लाखों लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। उन्होंने बताया कि पिछले 10 सालों में योग का यह उत्सव हर साल और भव्य होता गया है। 'तेलंगाना में 3,000 दिव्यांगों ने योग शिविर में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इसमें तेलंगाना, जम्मू एंड कश्मीर, और देश के अन्य भागों से लेकर सेना के लोग, दिव्यांग और आदिवासी लोगों ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में 3 हजार दिव्यांग मित्र योग कैंप में आए। उन्होंने दिखाया कि आखिर कैसे योग सशक्तीकरण का माध्यम है। योग को क्लीन यमुना से जोड़ते हुए दिल्ली के लोगों ने यमुना के तट पर योग किया।
यह भी पढ़ेंः बिहार: 1 सांसद, 4 MLA लेकिन 40 सीट पर दावा, जीतन मांझी की ताकत क्या है
जम्मू-कश्मीर में चिनाब पुल और हिमालय की बर्फीली चोटियों पर ITBP जवानों ने योग किया। गुजरात के वडनगर में 2,121 लोगों ने एक साथ भुजंगासन कर रिकॉर्ड बनाया।' उन्होंने बताया कि न्यूयॉर्क, लंदन, टोक्यो, पेरिस जैसे शहरों में भी योग की तस्वीरें सामने आईं। इस साल का थीम 'योग फॉर वन अर्थ, फॉर हेल्थ' था, जो 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना को दर्शाता है।
तीर्थ यात्राओं का महत्व
प्रधानमंत्री ने कैलाश-मानसरोवर यात्रा के फिर से शुरू होने की खुशी जताई और बताया कि 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू होगी। 'तीर्थ यात्रा का भाव 'चलो बुलावा आया है' हमारे दिलों में बसता है। ये यात्राएं 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करती हैं।' उन्होंने जगन्नाथ यात्रा का भी जिक्र किया।
भारत को ट्रैकोमा मुक्त देश का दर्जा
पीएम मोदी ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत को ट्रैकोमा मुक्त देश घोषित किया है। यह आंखों की बीमारी थी, जिसे खत्म करने में भारत ने सफलता हासिल की। उन्होंने 'जल जीवन मिशन' और स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत की सराहना की।
सामाजिक सुरक्षा में वृद्धि
प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत की 64% आबादी को सामाजिक सुरक्षा मिल रही है। 'लगभग 95 करोड़ लोग आज सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, जबकि 2015 तक यह संख्या 25 करोड़ से कम थी।'
आपातकाल के 50 साल
पीएम ने आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर कहा कि यह लोकतंत्र के लिए काला दौर था। 'आपातकाल में अभिव्यक्ति की आजादी छीन ली गई थी। लोगों को बिना कारण गिरफ्तार किया गया। लेकिन भारतीयों ने लोकतंत्र की रक्षा की।' उन्होंने 'संविधान हत्या दिवस' के जरिए उन लोगों को याद किया, जिन्होंने आपातकाल के खिलाफ लड़ाई लड़ी।
मेघालय का एरी सिल्क
मेघालय के एरी सिल्क को हाल ही में GI टैग मिला है। पीएम ने बताया कि यह 'अहिंसा सिल्क' है, क्योंकि इसके उत्पादन में रेशम कीटों को नुकसान नहीं पहुंचता। 'यह सिल्क सर्दियों में गर्म और गर्मियों में ठंडा रखता है। मेघालय की महिलाएं इसे आत्मनिर्भरता के लिए बढ़ावा दे रही हैं।'
अहमदाबाद का सिंदूर वन
प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद नगर निगम के सिंदूर वन की तारीफ की, जो ऑपरेशन सिंदूर के वीरों को समर्पित है। उन्होंने पुणे के एक परिवार की भी सराहना की, जो छुट्टियों में जंगल में पेड़ लगाता और पक्षियों के लिए पानी के गड्ढे बनाता है।
यह भी पढ़ें: मांझी गिरा सकते हैं मोदी कैबिनेट से एक विकेट! दे दी खुली धमकी
अंतरिक्ष मिशन में योगदान
पीएम ने भारत के अंतरिक्ष मिशन की सराहना की और शुभांशु शुक्ला के योगदान को विशेष रूप से उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से प्रेरणा लेने और सकारात्मक दिशा में काम करने का आह्वान किया। मन की बात में उनके संदेश ने एक बार फिर देश की एकता और प्रगति पर जोर दिया।