logo

ट्रेंडिंग:

हिमाचल से यूपी तक बाढ़ का कहर, अलर्ट जारी, जानिए मौसम का हाल

देश के कई राज्यों में बारिश आफत बनी हुई है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल से लेकर गुजरात, राजस्थान तक आज भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। जानिए देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम।

Rain

बारिश, Photo Credit: PTI

पहाडों से लेकर मैदानों तक पूरे देश में बारिश ने तबाही मचाई है। देशभर में लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अगस्त का महीना आज खत्म हो जाएगा लेकिन बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर महीने की शुरुआत में बारिश और भी तेज होगी। मौसम विभाग की मानें तो आज यानी 31 अगस्त को  दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं बिहार में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होगी। हिमाचल और उत्तराखंड में बादल फटने और लैंडस्लाइड की चेतावनी दी गई है। साथ ही मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक भारी बारिश की आशंका जताई है। 

 

दिल्ली-एनसीआर में भी लगातार बारिश जारी है। पिछले 2 दिन रूक-रूक कर बारिश हुई है और आज भी बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने 30 अगस्त से 3 सितंबर तक एनसीआर क्षेत्र में लगातार गरज चमक के साथ बौछारें गिरने की संभावना जताई है। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। बारिश के कारण तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री कम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर के पहले हफ्ते में 3 से 4 तारीख तक मौसम ऐसा ही रह सकता है। 

 

यह भी पढ़ेंः 'न कोई परमानेंट दोस्त न कोई दुश्मन', राजनाथ ने बताई भारत की रणनीति

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में बीच में मानसून शांत हो गया है लेकिन अब मानसून फिर से अपना रंग दिखा रहा है। आने वाले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। आज रविवार को पश्चिमी यूपी में कई जगहों पर तो पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। रविवार को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज और एटा जिले में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बरेली, पीलीभीत, जालीन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और उसके आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। लखनऊ में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 

उत्तराखंड -हिमाचल में अलर्ट

देश के पहाड़ी राज्यों में बारिश के कारण काफी ज्यादा नुकसान हो गया है। बारिश अभी भी रुकने का नाम नहीं ले रही है। उत्तराखंड के  रुद्रप्रयाग और चमोली में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। बादलों के फटने से लोग दहशत में है। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश जारी रह सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली और मुक्तेश्वर जैसे जिलों में भी खराब मौसम का असर दिखेगा। कुछ जगहों पर बारिश कम होने के बाद लैंडस्लाइड का खतरा बना रहने की आशंका है। 

 

हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर पहले दिन से ही जारी है। राज्य में भारी बारिश के कारण जान-माल का काफी नुकसान हो गया है। मंडी से लेकर किन्नौर, कुल्लु, शिमला हर जगह बारिश ने तबाही मचाई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिन और राज्य के लोगों के लिए कठिन हो सकते हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसा ही हाल जम्मू-कश्मीर का भी है। शनिवार को रियासी जिले के बदर गांव में हुई लैंडस्लाइड से अब तब 7 शव बरामद किए जा चुके हैं। राज्य में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश जारी रह सकती है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। 

 

यह भी पढ़ेंः जांच टीम को रोकाअंदर जलते रहे नोटइंजीनियर की काली कमाई का खुलासा

पंजाब, हरियाणा में मौसम कैसा?

पंजाब के आठ जिलों में भारी बारिश के बाद 1000 से ज्यादा गांवों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। बाढ़ से अब तक 8 लोगों की मौत हो गई है और 3 लोगों के लापता होने की खबर है। अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, तरनतारन, कपूरथला, होशियारपुर, फिरोजपुर और फाजिल्का में सबसे ज्यादा तबाही हुई है। कई लोगों को प्रशासन ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। पंजाब में आज हल्की बारिश या फिर साफ मौसम रहने की संभावना है। हालांकि, मंगलवार और बुधवार को मौसम करवट ले सकता है। 

 

पड़ोसी राज्य हरियाणा की बात करें तो यहां भी बारिश का दौर जारी है। पंचकूला, अंबाला, हिसार में बारिश से लोग परेशान हैं।शुक्रवार रात और शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। आज भी मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, कुरूक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम,फरीदाबाद, नूंह और पलवल में बारिश का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को राज्य के 15 जिलों, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की से तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद मानसून शांत होने की संभावना है। 

 

यह भी पढ़ें: बिहार में कहां से आ गए 3 पाकिस्तानी आतंकी? राज्य में हाई अलर्ट

अन्य राज्यों का हाल

31 अगस्त और 1 सितंबर को महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वोत्तर में असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मेघालय और पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहेगी। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। देश के ज्यादातर हिस्सों में सितंबर के पहले हफ्ते बारिश होने की संभावना है। इसके बाद बारिश कम होने की संभावना है। 

Related Topic:#Weather Today

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap