logo

ट्रेंडिंग:

नहीं बन पा रहा संगठन, राहुल खत्म करेंगे हरियाणा कांग्रेस की गुटबाजी?

लंबे समय से कमजोर संगठन की समस्या से जूझ रही हरियाणा कांग्रेस को एकजुट करने की कोशिश में राहुल गांधी जल्द ही चंडीगढ़ जाने वाले हैं। वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी की है।

haryana congress

हरियाणा कांग्रेस के नेताओं के साथ राहुल गांधी, File Photo Credit: PTI

हरियाणा में विधानसभा चुनाव के नतीजे अक्तूबर 2024 में आए थे, जिसमें कांग्रेस हार गई थी। कांग्रेस में आखिरी बार संगठन निर्माण साल 2014 में हुआ था। राज्य में नेता विपक्ष चुनना हो या फिर संगठन का निर्माण करना, ये सारे काम आपसी गुटबाजी की वजह से रुके हुए हैं। नेता प्रतिपक्ष का चुनाव न हो पाने से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी परेशान हो गई है। कई नियुक्तियों में विपक्ष के नेता की जरूरत होती है, ऐसे में राज्य सरकार इस अनिवार्यता को खत्म करने पर भी विचार कर रही है। इस सबके बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी चंडीगढ़ का दौरा करने वाला है। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी का प्लान तो पार्टी के संगठन को मजबूत करने का है लेकिन पर्दे के पीछे से वह नेताओं की आपसी गुटबाजी भी दूर करने की कोशिश करेंगे।

 

दरअसल, हरियाणा कांग्रेस कई गुट में बंटी हुई है। हर गुट चाहता है कि नेता प्रतिपक्ष का पद उसे ही मिले। यही वजह है कि चुनाव के नतीजे आने के लगभग 7 महीने के बाद भी नेता विपक्ष का पद खाली ही पड़ा है। कई बार पार्टी हाई कमान की ओर से स्थानीय नेताओं की राय जानने की कोशिश भी की गई लेकिन आम सहमति न बन पाने की वजह से इस पद को लेकर फैसला नहीं हो पाया। अब तक विधानसभा के कई सत्र भी बिना नेता विपक्ष के ही हो चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें- लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में BJP उम्मीदवार घोषित, कौन हैं जीवन गुप्ता?

 

राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, अजय माकन, टीएस सिंहदेव और प्रताप सिंह बाजवा को पार्टी हाई कमान ने पर्यवेक्षक बनाकर भी भेजा था। इन पर्यवेक्षकों ने सभी विधायकों की राय लेकर उसे हाई कमान को भेज भी दिया था लेकिन तब भी नेता विपक्ष पर फैसला नहीं हो पाया। एक तरफ खुद भूपेंद्र सिंह हुड्डा नेता विपक्ष बनना चाहते हैं। उनके अलावा, चंद्रमोहन बिश्नोई, अशोक अरोड़ा, गीता भुक्कल और कुछ अन्य नेता भी इस पद की रेस में हैं। कोई भी गुट दूसरे गुट के नेता के नाम पर सहमत नहीं है जिसके चलते अब तक फैसला नहीं हो सका है।


क्या है राहुल गांधी का प्लान?

11 साल से हरियाणा में कांग्रेस का संगठन न बन पाने को लेकर राहुल गांधी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे और उनसे फीडबैक लेंगे। उनके दौरे से पहले हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बी के हरिप्रसाद चंडीगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान और कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज भी चंडीगढ़ रवाना हो चुके हैं। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी मंगलवार को चंडीगढ़ पहुंच जाएंगे। 

 

यह भी पढ़ें: 'गोली का जवाब गोले से देंगे,' भोपाल से PM का पाकिस्तान को संदेश

 

विधानसभा कमेटियों की बैठक के चलते अधिकांश कांग्रेस विधायक भी मंगलवार को ही चंडीगढ़ पहुंच गए। राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए सवाल उठने लगे हैं कि क्या राहुल गांधी इस बार आपसी गुटबाजी को खत्म कर पाएंगे? साथ ही, इस बात पर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं कि नेता प्रतिपक्ष के नाम पर फैसला हो पाएगा या नहीं? साथ ही, यह भी बड़ा सवाल है कि क्या राज्य में कांग्रेस का संगठन बन पाएगा और अगर बनेगा तो इसकी क्या प्रक्रिया क्या होगी?

संगठन में होगा बदलाव?

 

हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा लंबे समय से संगठन पर हावी रहे हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले साल 2022 में वह अपने करीबी उदयभान को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनवाने में कामयाब हो गए थे। उदयभान से पहले कुमारी शैलजा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस हुआ करती थीं। हालांकि, उनकी भी शिकायत रही कि वह संगठन नहीं बना पाईं क्योंकि उन्हें सहयोग नहीं मिला। कमोबेश यही शिकायत कुमारी शैलजा से पहले कांग्रेस अध्यक्ष रहे अशोक तंवर की भी थी और वह तो इतने नाराज हुए थे कि कांग्रेस पार्टी से ही अलग हो गए थे। हालांकि, विधानसभा चुनाव की वोटिंग से ठीक पहले वह कांग्रेस में लौट आए थे। 

 

2014 से 2022 तक हरियाणा प्रदेश के कांग्रेस के दोनों अध्यक्ष हुड्डा गुट के विरोधी गुटों से रहे हैं। इन 8 साल में हरियाणा कांग्रेस का संगठन नहीं बना। 2022 से 2025 तक भी इस दिशा में कोई काम नहीं हुआ है। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व राज्य में संगठन को मजबूत करना चाहता है। हुड्डा गुट के विरोधियों की कोशिश है कि प्रदेश अध्यक्ष को भी बदला जाए।


राहुल गांधी का शेड्यूल

  • 4 जून को सुबह 11.10 बजे राहुल गांधी एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचेंगे
  • दोपहर करीब 12 बजे हरियाणा कांग्रेस कमेटी के चंडीगढ़ कार्यालय जा सकते हैं
  • सवा 12 बजे से दोपहर 1 बजे तक पहले चरण में हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ राहुल गांधी की मीटिंग होगी
  • सवा 1 बजे से सवा 2 बजे तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षकों और हरियाणा कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों के साथ चर्चा करेंगे
  • दोपहर बाद करीब पौने 3 बजे चंडीगढ़ कार्यालय से राहुल गांधी चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap