logo

ट्रेंडिंग:

IPL में रिटायर्ड आउट से टीमों को कितना फायदा हुआ है?

आईपीएल 2025 में तिलक वर्मा और डेवोन कॉनवे रिटायर्ड आउट हो चुके हैं। क्या इससे सचमुच टीमों को फायदा हुआ है?

Sai Sudharsan IPL 2025

साई सुदर्शन। (Photo Credit: IPL/X)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें सीजन में रिटायर्ड आउट की रणनीति सबसे ज्यादा चर्चा में है। सेट बल्लेबाजों को वापस बुला लिया जा रहा है। 6 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मुंबई इंडियंस (MI) के बल्लेबाज तिलक वर्मा रिटायर्ड आउट हुए। इसके 4 दिन बाद ही पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के ओपनर डेवोन कॉनवे ने मैदान छोड़ दिया। दोनों ही मौकों पर टीमें रन चेज कर रही थीं और उन्हें हार मिली।

 

गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच 9 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में भी एक समय लग रहा था कि साई सुदर्शन को रिटायर्ड आउट कराया जा सकता है। 18वें ओवर की समाप्ति तक सुदर्शन 51 गेंद में 82 रन बनाकर खेल रहे थे। उनसे बड़ा हिट नहीं लग रहा था। ऐसे में रिटायर्ड आउट के चलन को देखते हुए ऐसा लगा कि सुदर्शन को वापस बुलाया जा सकता है। हालांकि इसकी जरूरत नहीं पड़ी क्योंकि सुदर्शन 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। बता दें कि गुजरात टाइटंस आईपीएल 2023 में सुदर्शन के साथ ऐसा कर चुकी है।

 

यह भी पढ़ें: संजू सेना भी नहीं रोक सकी GT का विजयरथ, 58 रन से जीती शुभमन गिल की टीम

 

रिटायर्ड आउट से फायदा हुआ भी है?

 

आईपीएल के इतिहास में आर अश्विन रिटायर्ड आउट होने वाले पहले खिलाड़ी हैं। 2022 सीजन में RR की ओर से खेलते हुए अश्विन MI के खिलाफ 23 गेंद में 28 रन बनाकर रिटायर्ड आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। उस मुकाबले में अश्विन को छठे नंबर पर प्रमोट किया गया था। 10वें ओवर में क्रीज पर उतरे अश्विन ने विकेट बचाकर रियान पराग के लिए मंच तैयार किया। अश्विन के वापस जाने के बाद RR ने बची हुई 10 गेंदों में 40 रन बटोरे। अश्विन का यह फैसला मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। RR ने जबरदस्त फिनिश कर MI के सामने 166 रन का टारगेट सेट किया और फिर 3 रन से रोमांचक जीत हासिल कर ली। 

 

आईपीएल 2023 के क्वालिफायर 2 में GT ने सुदर्शन को वापस बुलाने का फैसला किया था। अहदाबाद में MI के खिलाफ उस मैच में शुभमन गिल ने 60 गेंद में 129 रन ठोके थे। सुदर्शन उनका बखूबी साथ दे रहे थे लेकिन 18वें और 19वें ओवर में तेजी से रन नहीं आने के बाद उन्हें रिटायर्ड आउट कराने का फैसला लिया गया। सुदर्शन 31 गेंद में 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह क्रीज पर आए राशिद खान ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ा। GT ने 3 विकेट के नुकसान पर 233 रन का स्कोर खड़ा किया और MI को 62 रन से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई।  

 

यह भी पढ़ें: जितेश शर्मा कैसे कर रहे हैं विस्फोटक बैटिंग? राज से खुद उठाया पर्दा

 

रन चेज में काम नहीं आई रणनीति

 

तिलक वर्मा और डेवोन कॉनवे से पहले अथर्व तायडे को रन चेज के दौरान वापस बुलाया गया था। आईपीएल 2023 में PBKS ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 214 रन के चेज में अथर्व तायडे को रिटायर्ड आउट कराया था। तायडे ने ओपनिंग करते हुए 42 गेंद में 55 रन की धीमी पारी खेली। PBKS ने जब उन्हें रिटायर्ड आउट कराया तब टीम को 30 गेंद में 86 रन की दरकार थी। पंजाब किंग्स चेज में 15 रन पीछे रह गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए खिलाड़ियों को रिटायर्ड आउट कराने पर एक्सपर्ट्स का मानना है कि फैसला जल्दी लिया जाना चाहिए।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap