विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में कांग्रेस को अब निकाय चुनाव में भी बड़ा झटका लगा है। हरियाणा के 10 नगर निगम में से 9 में बीजेपी ने जीत दर्ज कर ली है। मानेसर नगर निगम में निर्दलीय डॉ. इंद्रजीत यादव चुनाव जीती हैं। इंद्रजीत यादव बीजेपी से टिकट न मिलने से नाराज थीं, इसलिए निर्दलीय ही मैदान में उतर गईं। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार सुंदर लाल को हरा दिया है।
चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में भी कांग्रेस हार गईं। वहीं, सिरसा में भी कांग्रेस को हार मिली है। सिरसा से कांग्रेस की कुमारी सैलजा सांसद हैं।
यह भी पढ़ें-- विदेशियों की भारत में एंट्री होगी मुश्किल? इमिग्रेशन बिल की पूरी ABCD
कहां-क्या रहे नतीजे?
- रोहतकः बीजेपी के राम अवतार यादव ने जीत दर्ज की। उन्हें एक लाख से ज्यादा वोट मिले। कांग्रेस के सूरजमल किलोई दूसरे नंबर पर रहे।
- अंबालाः बीजेपी की शैलजा सचदेवा मेयर चुनी गईं हैं। उन्होंने कांग्रेस की अमीशा चावला को 20 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव हराया है।
- फरीदाबादः यहां से बीजेपी प्रवीण जोशी जीतीं हैं। उन्होंने कांग्रेस की लता रानी को हराया है। फरीदाबाद केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर का गढ़ है।
- हिसारः यहां मेयर पद के लिए बीजेपी उम्मीदवार प्रवीन पोपली जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के कृष्ण सिंगला को हराया।
- करनालः यहां से बीजेपी की रेणु बाला गुप्ता मेयर बन गई हैं। उन्होंने कांग्रेस के मनोज वधवा को हराया है।
- पानीपतः यहां से बीजेपी की कोमल सैनी चुनाव जीत गईं हैं। उन्होंने कांग्रेस की सविता गर्ग को हराया है। यहां से चार उम्मीदवार मैदान में थे।
- सोनीपतः यहां से बीजेपी उम्मीदवार राजीव जैन ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार कमल दीवान को करीब 35 हजार वोटों से हराया है।
- यमुनानगरः यहां से बीजेपी की सुमन मेयर पद के लिए चुनी गईं हैं। उन्होंने कांग्रेस की किरणा देवी को हराया है।
- गुरुग्रामः इस नगर निगम में बीजेपी की राज रानी मल्होत्रा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार सीमा पाहुजा को हराया।
- मानेसरः निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. इंद्रजीत यादव मेयर चुनाव जीत गई हैं। उन्होंने बीजेपी के सुंदर लाल को हराया। इंद्रजीत यादव ने खुद को गुरुग्राम से बीजेपी सांसद राव इंद्रजीत की करीबी बताकर प्रचार किया था।
यह भी पढ़ें-- पंजाबी-हरियाणवी ही नहीं, US में अवैध एंट्री करने में गुजराती भी आगे!
10 में 7 नगर निगम में महिला मेयर
हरियाणा के 10 नगर निगमों में से 7 में महिला मेयर चुनी गईं हैं। गुरुग्राम में राज रानी, यमुनानगर में सुमन बहमनी, पानीपत में कोमल सैनी, फरीदाबाद में प्रवीण जोशी, मानेसर में डॉ इंद्रजीत, अंबाला में सैलजा सचदेवा और करनाल में रेणु बाला मेयर चुनी गईं हैं।