• PATNA 24 Aug 2025, (अपडेटेड 24 Aug 2025, 7:56 AM IST)
प्रशांत किशोर बिहार की राजनीति में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उनकी पार्टी जन सुराज बिहार की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। अब उन्होंने राहुल गांधी की यात्रा पर सवाल उठाए हैं।
तेजस्वी यादव और राहुल गांधी। (Photo Credit: PTI)
बिहार की राजनीति में सबसे ज्यादा शोर, वोटर अधिकार यात्रा पर मचा है। राहुल गांधी की अगुवाई में इंडिया ब्लॉक के सहयोगी दल, वोटर अधिकार यात्र पर हैं। राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव, लेफ्ट के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और कांग्रेस नेता राहुल गांधी, तीनों हर मंच पर साथ नजर आ रहे हैं। उनके साथ-साथ विकासशील इंसान पार्टी के नेता मुकेश सहनी भी हैं। इंडिया ब्लॉक की पार्टियों की जनसभाओं में 'वोट चोरी' और मतदाता सूची संशोधन (SIR) को लेकर खूब नारेबाजी हो रही है। बिहार की सियासत में यह मुद्दा छा गया है। यह कितना गंभीर है, प्रशांत किशोर ने इस पर दिलचस्प जवाब दिया है।
जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर ने यात्रा पर ही सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि इस यात्रा का कोई असर नहीं होने वाला है। प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि बिहार में राहुल गांधी और कांग्रेस का कोई सम्मान नहीं है। उन्होंने कांग्रेस को राष्ट्रीय जनता दल का पिछलग्गू पार्टी बताया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को केवल लोकसभा में विपक्ष के नेता होने के कारण गंभीरता से लिया जा रहा है।
प्रशांत किशोर, संस्थापक, जन सुराज:- राहुल गांधी और कांग्रेस का बिहार में कोई सम्मान नहीं है। वे आरजेडी के पिछलग्गू और जंगल राज के समर्थक हैं। राहुल गांधी को कौन गंभीरता से ले रहा है? उन्हें सिर्फ इसलिए गंभीरता से लिया जा रहा है क्योंकि वह लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के एक बड़े नेता हैं। क्या कोई उन्हें देख रहा है? क्या राज्य में उनका कोई प्रभाव है? वे बिहार की जनता से वोट चाहते हैं।
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर। (Photo Credit: PTI)
प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों पर बिहार के वास्तविक मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि राहुल गांधी और प्रधानमंत्री मोदी, दोनों को पलायन, भ्रष्टाचार और खराब शिक्षा नीति नजर नहीं आ रही है। वह अपनी पार्टी जन सुराज को नया विकल्प बता रहे हैं।
प्रशांत किशोर:- बिहार चुनाव में लोगों को भ्रमित करने के लिए राहुल गांधी पीएम मोदी की आलोचना करेंगे और पीएम मोदी राहुल गांधी की। दोनों से पूछा जाना चाहिए कि बिहार की सबसे बड़ी समस्या क्या है। बिहार की सबसे बड़ी समस्याएं पलायन, भ्रष्टाचार और चरमराई शिक्षा व्यवस्था हैं। न तो राहुल गांधी इस बारे में कुछ कह रहे हैं और न ही पीएम मोदी इस पर कुछ बोल रहे हैं। जनता इस बार मूर्ख नहीं बनेगी। जनता के पास जन सुराज के रूप में एक नया विकल्प है।
क्या है वोटर अधिकार यात्रा?
राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' का मकसद SIR अभियान के खिलाफ जनसमर्थन जुटाना है। यह अभियान बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले शुरू किया गया है। यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई और 1 सितंबर को पटना में एक रैली के साथ समाप्त होगी।
राहुल गांधी की इस यात्रा में विपक्ष के प्रमुख नेता जैसे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, राजद के शीर्ष नेता, और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शामिल होने वाले हैं।