पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर ने भारत को लेकर बेहद गंभीर धमकी दी है। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान को कभी भारत से अस्तित्व का खतरा हुआ, तो वह परमाणु युद्ध छेड़ देंगे और आधी दुनिया को तबाह कर देंगे। उन्होंने यह बयान अमेरिका के टाम्पा (फ्लोरिडा) में दिया है। मुनीर ने पाकिस्तान को परमाणु की सबसे बड़ी ताकत बताया है। उन्होंने भारत के खिलाफ बयान देते हुए कहा कि जब भारत सिंधु नदी पर कभी बांध बनाएगा तो पाकिस्तान उसे मिसाइल लगाकर उड़ा देगा। मुनीर ने हाल ही में हुए भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध को लेकर कहा कि भारत को अपना नुकसान मान लेना चाहिए।
असीम मुनीर ने यह बयान शनिवार को टाम्पा (फ्लोरिडा) में एक डिनर पार्टी के दौरान दिया था। यह डिनर पार्टी पाकिस्तान के कॉन्सुल जनरल (जो एक पाकिस्तानी-अमेरिकी हैं) ने आयोजित किया था। मुनीर ने डिनर के दौरान कहा, 'हम एक परमाणु ताकत हैं। अगर हमें लगे कि हम खत्म होने वाले हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ खत्म कर देंगे।' मुनीर इससे पहले भी कई बार भारत के खिलाफ आक्रामक भाषण दे चुके हैं।
यह भी पढ़ें: इजरायल के गाजा टेक ओवर प्लान की हर बात, जो आप जानना चाहते हैं
डिनर टेबल क्या बोले असीम मुनीर?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस डिनर पार्टी में असीम मुनीर ने यह बयान दिया है, वहां मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं थी लेकिन कुछ मीडिया चैनलों ने वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर जानकारी जुटाई है। मुनीर ने सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) को लेकर कहा, 'हम इंतजार करेंगे कि भारत सिंधु नदी पर कोई बांध बनाए और जब बनाएगा, तो हम उसे 10 मिसाइलों से उड़ा देंगे।' उन्होंने कहा, 'सिंधु नदी भारतीयों की निजी संपत्ति नहीं है। हमारे पास मिसाइलों की कोई कमी नहीं है, अल्लाह का शुक्र है।' उन्होंने दावा किया कि यह संधि पाकिस्तान के लिए जरूरी है और अगर यह खत्म हो गई तो 25 करोड़ पाकिस्तानी भूख से मर सकते हैं।
डिनर के दौरान उन्होंने हाल ही में खत्म हुए 'चार दिन के युद्ध' पर भी भारत को ताना मारा था। उन्होंने इस युद्ध को 'बुनयानुम मारसूस' कहा, जो कुरान की एक आयत है, जिसमें अल्लाह के रास्ते में लड़ने वालों को एक मजबूत दीवार की तरह बताया गया है। मुनीर ने कहा, 'भारतीयों को अपने नुकसान मान लेने चाहिए। हम अपने नुकसान तभी बताएंगे जब भारत अपने बताएगा।'
यह भी पढ़ें: गाजा पर कब्जा करके क्या करना चाहता है इजरायल? नेतन्याहू ने बताया प्लान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाम्पा के डिनर में लगभग 120 लोग मौजूद थे। उसमें भी ज्यादातर पाकिस्तानी-अमेरिकी थे। यहां पश्चिमी खाना परोसा गया था लेकिन सभी डिश 'हलाल' के रूप में चिह्नित थीं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप प्रशासन को पता था या नहीं कि मुनीर अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान भारत पर इतना तीखा हमला करेंगे।
क्यों गए थे पाकिस्तान?
मुनीर अमेरिका में सेंटकॉम (CENTCOM) चीफ जनरल माइकल कुरिल्ला की फेयरवेल पार्टी में शामिल होने के लिए गए थे। दक्षिण एशिया, अमेरिकी सेना के सेंटकॉम क्षेत्र में आता है। कुरिल्ला ने हाल ही में पाकिस्तान को 'आतंकवाद विरोधी में शानदार पार्टनर' बताया था, जबकि पहले अमेरिका पाकिस्तान को आतंकवाद का गढ़ कहता था।
मुनीर पहले पाकिस्तानी आर्मी चीफ हैं, जिन्हें व्हाइट हाउस में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ लंच करने का मौका मिला था। इस लंच में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ शामिल नहीं थे।
पहले भी दे चुके हैं बयान
मुनीर पहले से ही भारत पर कड़ा रुख अपनाते रहे हैं लेकिन इस बार उनकी भाषा और भी ज्यादा आक्रामक थी। अप्रैल में, भारत-पाकिस्तान के बीच झड़प शुरू होने से ठीक पहले इस्लामाबाद में एक भाषण में उन्होंने कहा था कि कश्मीर पाकिस्तान की 'शिरा-ए-हयात' (जुगुलर वेन) है और 'हिंदू' भारत और 'मुस्लिम' पाकिस्तान दो बिल्कुल अलग देश हैं।
उन्होंने कहा, 'हमारा धर्म अलग है, हमारी परंपराएं अलग हैं, हमारी सोच और हमारे सपने अलग हैं। इसी सोच से दो-राष्ट्र सिद्धांत की नींव रखी गई थी। हमारे पूर्वजों ने पाकिस्तान बनाने के लिए बड़ी कुर्बानियां दीं और हम जानते हैं इसे कैसे बचाना है।'