logo

ट्रेंडिंग:

मुलाकात ट्रम्प-पुतिन कर रहे हैं, NATO-यूरोप क्यों डरे हैं? वजहें समझिए

यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने आशंका जाहिर की है कि 15 अगस्त को डोनाल्ड ट्रम्प और व्लादिमीर पुतिन के बीच हो रही बातचीत में यूक्रेन पर युद्ध विराम की सारी शर्तें थोप दी जाएंगी।

Russia Ukraine War

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की। (Photo Credit: Ukraine Army/Facebook)

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, अब रूस और यूक्रेन की जंग रुकवाने के लिए 15 अगस्त को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अलास्का में मुलाकात करेंगे। डोनाल्ड ट्रम्प इन दिनों खुद को विश्व में छिड़ी जंगों के 'शांति दूत' की तरह पेश कर रहे हैं। उन्होंने वादा किया था कि जैसे ही सत्ता में आएंगे, रूस-यूक्रेन की जंग खत्म करा देंगे। अलग बात है कि 8 महीने बीत गए हैं, जंग नहीं थमी है। पहली बार, ट्रम्प, पुतिन से सिर्फ शांति वार्ता के लिए मिल रहे हैं। यूक्रेन, उनकी इस मुलाकात को लेकर ही डरा हुआ है। 

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अब यूरोप और नाटो (NATO) को साधने की कवायद शुरू की है। नाटो और यूरोपियन यूनियन ने अब वोलोदिमीर जेलेंस्की का समर्थन जताया है। यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास ने भी आशंका जाहिर की है कि अमेरिका रूस कोई भी समझौता कराए लेकिन यूक्रेन और यूरोप की सुरक्षा ध्यान में रखकर ही फैसले लिए जाएं। 

यह भी पढ़ें: रूस-यूक्रेन की जंग थम जाएगी? 15 अगस्त को मिलेंगे पुतिन-ट्रंप

यूरोपियन यूनियन और नाटो ने क्या सोचा है?

नाटो प्रमुख मार्क रटे ने कहा कि इस मुलाकात से ही तय हो जाएगा कि व्लादिमीर पुतिन जंग रोकने के लिए कितने गंभीर हैं। उन्होंने जोर दिया कि यूक्रेन को अपनी संप्रभुता और भविष्य खुद तय करने का हक है। व्हाइट हाउस का कहना है कि डोनाल्ड ट्रम्प जेलेंस्की को सम्मेलन में शामिल करने के लिए तैयार हैं, लेकिन अभी सिर्फ ट्रम्प और पुतिन की द्विपक्षीय बैठक की तैयारी है। 

क्यों बैठक से डरे हैं वोलोदिमीर जेलेंस्की?

वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन को शामिल किए बिना लिया गया कोई भी फैसला बेकार होगा। ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, पोलैंड, फिनलैंड और यूरोपीयन कमीशन के नेताओं ने शनिवार को कहा कि किसी भी समाधान में यूक्रेन और यूरोप की सुरक्षा का ध्यान रखा जाना चाहिए।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन। (Photo Credit: White House)

यह भी पढ़ें: '1929 जैसे होंगे हालात', ट्रंप ने टैरिफ हटाने पर दी महामंदी की चेतावनी

क्या पुतिन और जेलेंस्की मिल पाएंगे?

व्लादिमीर पुतिन ने एक सप्ताह पहले ही कहा था कि अभी वोलोदिमीर जेलेंस्की से मिलने के हालात नहीं बने हैं। यह मुलाकात, जब तक पुतिन नहीं चाहेंगे, नहीं हो पाएगी। 15 अगस्त को व्लादिमीर पुतिन, डोनाल्ड ट्रम्प से मिल रहे हैं। ट्रम्प खुद को दुनिया का सबसे बड़ा मध्यस्थ भी बताते रहे हैं। वोलोदिमीर जेलेंस्की का कहना है कि अगर यूक्रेन पर बात हो रही है, यूक्रेन पर फैसला लिया जाना है तो यह बातचीत कैसे राष्ट्रपति जेलेंस्की के बिना हो सकती है।

रूस और यूक्रेन के बीच जंग किस मोड़ पर पहुंची है?

रविवार को रूस ने यूक्रेन के जापोरिजिया इलाके में हमले किए, जिसमें 12 लोग घायल हुए। वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इन हमलों के जवाब में रूस पर और सख्त प्रतिबंधों की मांग की। डोनाल्ड ट्रम्प ने इशारा किया है कि शांति समझौते में रूस और यूक्रेन के बीच कुछ क्षेत्रों की अदला-बदली हो सकती है। यूक्रेन का नेतृत्व साफ कर चुका है कि वे 2014 में क्रीमिया के कब्जे के बाद अब और जमीन रूस को नहीं देंगे। 

24 फरवरी 2022 से ही रूस-यूक्रेन के बीच जंग छिड़ी है। (Photo Credit: Ukraine Army)


यह भी पढ़ें: 'यूक्रेनी जमीन नहीं देंगे', ट्रंप-पुतिन की मीटिंग पर बोले जेलेंस्की

यूक्रेन के कितने हिस्से पर काबिज है रूस?

रूस अभी यूक्रेन के करीब 20% हिस्से पर कब्जा जमाए हुए है। अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वैंस ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प और पुतिन की मुलाकात में दोनों पक्ष पूरी तरह से संतुष्ट नहीं होंगे। यूरोपियन यूनियन के अधिकारियों का कहना है कि यूरोप ने ट्रम्प के प्रस्ताव के जवाब में एक वैकल्पिक योजना बनाई है, लेकिन इसका ब्योरा अभी सामने नहीं आया है। रूसी अधिकारियों का कहना है कि यूरोपियन यूनियन, डोनाल्ड ट्रम्प के शांति विराम समझौते की योजना को रोकने की कोशिश कर रहा है। 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap