• NEW DELHI 20 May 2025, (अपडेटेड 20 May 2025, 8:10 AM IST)
देश की खुफिया और गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान को देने के आरोप में बीते 3 दिनों में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें कुछ यूट्युबर हैं, कुछ ऐप डेवलेपर हैं। पढ़ें रिपोर्ट।
जासूसी केस में अब तक 11 लोग गिरफ्तार हुए हैं। (Photo Credit: Punjab/UP Police)
3 दिन 11 लोगों की गिरफ्तारी और सब पर जासूसी का शक। बीते कुछ दिनों में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के शक में पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, सबके पाकिस्तान कनेक्शन को लेकर पूछताछ की जा रही है। शहजाद से लेकर ज्योति मल्होत्रा तक से पुलिस यह जवाब निकालने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने पाकिस्तान को क्या जानकारियां दी हैं, कैसे पाकिस्तान के साथ कनेक्शन बने। देश में जासूसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों को खुफिया एजेंसियां ढूंढ रही हैं। पुलिस के निशाने पर यूट्यूबर, व्लॉगल, इंजीनियर से लेकर छात्र तक हैं।
हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश से जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें से एक ट्रैवल व्लॉगर, छात्र, सिक्योरिटी गार्ड, आम नागरिक और एक ऐप डेवलपर शामिल है। जासूसी एजेंसियां इनके पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़ी हर बात की जांच कर रही है। 11 लोगों के फोन, लैपटॉप और इनसे जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। यही वजह है कि ज्योति मल्होत्रा से दोस्ती के लिए चर्चा में आई यूट्यूबर प्रियंका सेनापति तक पुलिस की रडार में है।
यूट्यूबर व्लॉगर ज्योति मल्होत्रा हरियाणा के हिसार की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा ट्रैवेल ब्लॉगर है। यूट्यूबर पर वह 'ट्रैवल विद जो' नाम से फेमस है। 3.85 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर भी हैं। आरोप हैं कि ज्योति ने पाकिस्तान को खुफिया जानकारियां दी हैं। पुलिस का कहना है कि ज्योति 2023, 2024 और मार्च 2025 में तीन बार पाकिस्तान गई थीं। वे पाकिस्तानी हाई कमीशन के कर्मचारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में थीं। भारत ने इसी अधिकारी को निष्कासित किया था। ज्योति की पाकिस्तान और कश्मीर यात्राओं के बारे में पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या खास लोकेशन के ही वीडियो डालने के निर्देश दिए गए थे।
गजाला और यामीन मोहम्मद गजाला की उम्र 32 साल है। उसके पति की मौत हो चुकी है। उसके साथ ही यामीन मोहम्मद को भी गिरफ्तार किया गया है। वह पंजाब के मारेलकोटला का रहने वाला है। आरोप है कि पाकिस्तानी जासूसों से इन लोगों ने कुछ पैसों के लिए गोपनीय जानकारियां शेयर की हैं। दोनों पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी दानिश के साथ जुड़े थे। वीजा और पैसों का लेनदेन उसी से होता था। दानिश अक्सर इनसे मिलता था। उन्होंने पाकिस्तान का वीजा हासिल करने के लिए दानिश से संपर्क किया था। उनके मोबाइल में पैसे भी दानिश के जरिए ही भेजे गए थे। इनका काम जासूसों तक पैसे पहुंचाना था।
गजाला और ज्योति मल्होत्रा पर भी है जासूसी का शक।
देवेंद्र सिंह हरियाणा के कैथल से ही देवेंद्र सिंह की गिरफ्तारी हुई है। वह 25 साल का है और पटियाला के खालसा कॉलेज में पढ़ता है। आरोप हैं कि उसने पटियाला सैन्य छावनी की तस्वीरें पाकिस्तानी आईएसआई एजेंट्स को भेजी थीं।
अरमान और तारीफ नूंह से 26 वर्षीय अरमान और तारीफ को भी जासूसी के आरोप में पकड़ा गया। आरोप है कि अरमान ने भारतीय सेना की गतिविधियों की जानकारी व्हाट्सऐप के जरिए पाकिस्तान भेजी, जबकि तारीफ को पाकिस्तानी दूतावास से सिम कार्ड मिले थे और उसे सिरसा हवाई अड्डे की तस्वीरें भेजने को कहा गया था।
नौमान इलाही हरियाणा के पानीपत में नौमान इलाही की गिरफ्तारी हुई है। वह उत्तर प्रदेश के कैराना का रहने वाला है। 24 साल उम्र है, वह पेशे से सिक्योरिटी गार्ड है और एक फैक्ट्री में काम करता है। वह कई बार पाकिस्तान जा चुका है।
मोहम्मद मुर्तजा अली जालंधर में मोहम्मद मुर्तजा अली को गिरफ्तार किया गया है। वह ऐप डेवलेपर है, उसने अपने बनाए ऐप के जरिए जासूसी की। उसके पास से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद हुए।
शहजाद उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भी एक गिरफ्तारी हुई है। यहां से पुलिस ने शहजाद को गिरफ्तार किया है। वह कॉस्मेटिक्स, कपड़े और मसालों के व्यापार के बहाने जासूसी कर रहा था। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
सुखप्रीत सिंह पंजाब के गुरदासपुर में सुखप्रीत सिंह और एक अन्य व्यक्ति को ऑपरेशन सिंदूर के तहत गिरफ्तार किया गया है। इन पर सैन्य गतिविधियों और रणनीतिक जगहों की जानकारी लीक करने का आरोप है।
कैसे जासूसी की वारदात को अंजाम देते थे ये लोग? पुलिस का कहना है कि इन जासूसों को सोशल मीडिया के जरिए ठगा गया। पैसे, झूठे वादों, बेहतरीन करियर और पाकिस्तान घूमने का प्रलोभन दिया गया। 20 से 30 साल की उम्र के युवाओं को निशाना बनाया गया। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का इस्तेमाल जासूसी के लिए किया गया। अब पुलिस इनके कनेक्शन से जुड़ी जानकारियां खंगाल रही है।